OSR बढ़ाकर स्वच्छ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर गाँव के निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान
लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा है कि ग्राम पंचायतों की अपनी आय (Own Source Revenue-OSR) में वृद्धि किए बिना ग्रामीण विकास की गति को स्थायी रूप से मजबूत नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त ग्राम पंचायतें ही स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की अपनी आय बढ़ने से स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में गति आएगी। इससे पंचायतें बाहरी संसाधनों पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बनेंगी और ग्रामीण विकास का नया मॉडल स्थापित होगा।

विवेक चन्द्र अवस्थी ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे करों एवं शुल्कों के प्रति जागरूकता बढ़ाएँ तथा पंचायत की आय में वृद्धि के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि “हर छोटा योगदान, गाँव के बड़े विकास की नींव है। अपनी आय बढ़ाकर ही ग्राम पंचायत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है, जिससे स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर गाँव का सपना साकार होगा।”
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन प्रदेशभर में पंचायतों को अपनी आय बढ़ाने के लिए जागरूक करने का अभियान चलाएगा, जिससे प्रत्येक ग्राम पंचायत आर्थिक रूप से सक्षम बनकर स्थानीय विकास की नई मिसाल स्थापित कर सके।
