ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने पंचायती राज मंत्रालय की पहल का किया स्वागत, पंचायत प्रतिनिधियों, उद्योग जगत एवं समाजसेवियों से अभियान में सहभागी बनने की अपील
ClickHere
लखनऊ। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘दानवीर’ कंप्यूटर क्राउडसोर्सिंग पहल का ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने स्वागत किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि डिजिटल और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के निर्माण की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ग्रामीण प्रशासन और जनसेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि ‘दानवीर’ केवल कंप्यूटर दान करने की योजना नहीं, बल्कि अपनी जन्मभूमि और गाँव के विकास में सहभागिता निभाने का राष्ट्रीय जन-आंदोलन है। यदि सक्षम नागरिक, प्रवासी भारतीय, उद्योग समूह, स्वयंसेवी संस्थाएँ एवं सामाजिक संगठन अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों को एक-एक कंप्यूटर उपलब्ध कराएँ, तो देश की हजारों ग्राम पंचायतें डिजिटल संसाधनों से सशक्त हो सकेंगी।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने संगठन के सभी पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक लोगों को ‘दानवीर’ बनकर अपनी ग्राम पंचायतों को कंप्यूटर दान करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि डिजिटल पंचायतें ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। कंप्यूटर उपलब्ध होने से ग्राम पंचायतों में ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन अभिलेख, योजनाओं की मॉनिटरिंग, डिजिटल भुगतान, जनसेवाओं का त्वरित निष्पादन तथा पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
अभियान के अंतर्गत इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएँ ‘मेरी पंचायत’ मोबाइल ऐप पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी इच्छानुसार किसी ग्राम पंचायत को कंप्यूटर उपलब्ध करा सकते हैं।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, प्रवासी भारतीयों, सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों से इस अभिनव पहल से जुड़कर अपने गाँव के डिजिटल भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया है।
अधिक जानकारी के लिए:ClickHere
