प्रदेश अध्यक्ष मनु यादव के नेतृत्व में शामिल होगा ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन का प्रतिनिधिमंडल
अमरोहा। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों के जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत 22 जुलाई को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, अमरोहा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में जिला प्रशासन, पंचायत विभाग के अधिकारी, क्षेत्र पंचायतों के प्रशासक एवं पंचायत प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती मनु यादव के नेतृत्व में जिले के पंचायत प्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल बैठक में प्रतिभाग करेगा। प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़े विभिन्न विषयों, स्थानीय निकायों में प्रभावी भागीदारी तथा पंचायतों के समग्र विकास से संबंधित सुझाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत करेगा।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों को शासन और आयोग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बैठक पंचायत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती मनु यादव ने कहा कि संगठन पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी आमंत्रित प्रतिनिधियों से समय पर बैठक में उपस्थित होकर पंचायत हित, सामाजिक न्याय तथा ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक सुझाव रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों और शासन के बीच प्रभावी संवाद स्थापित कर ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करना है।
