ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने शहीदों के अदम्य साहस को किया नमन
लखनऊ, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कारगिल युद्ध में अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सेना के वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि कारगिल विजय भारत के इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जिसने पूरी दुनिया को भारतीय सैनिकों की अटूट वीरता, राष्ट्रभक्ति और अदम्य संकल्प का परिचय कराया।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों में दुर्गम पर्वतीय चोटियों पर दुश्मनों को परास्त कर यह सिद्ध किया कि भारत की सीमाओं की ओर उठने वाली हर कुदृष्टि का करारा जवाब दिया जाएगा। कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है और राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि आज का दिन केवल विजय का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र की अखंडता, सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराने का अवसर भी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना को अपने जीवन का आधार बनाएं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन देश के प्रत्येक गांव में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और जनसेवा की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य सशक्त पंचायतों के माध्यम से सशक्त भारत के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाना है।
अंत में उन्होंने कारगिल युद्ध के सभी वीर सैनिकों, शहीदों के परिजनों एवं भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए देशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
