सेवा में,
माननीय मुख्यमंत्री जी,
उत्तर प्रदेश शासन,
लखनऊ।
विषय : उत्तर प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में “जल बजट” योजना लागू किए जाने के संबंध में।
महोदय,
सविनय निवेदन है कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर “जल बजट” तैयार करने की अभिनव एवं दूरदर्शी पहल प्रारंभ की गई है। प्रथम चरण में बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु एवं पश्चिम बंगाल के चयनित जिलों, विकासखंडों तथा ग्राम पंचायतों में इसका क्रियान्वयन किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक ग्राम पंचायतों वाला राज्य है तथा यहां कृषि, पेयजल एवं ग्रामीण आजीविका का प्रमुख आधार जल संसाधन हैं। जलवायु परिवर्तन, भूजल स्तर में निरंतर गिरावट एवं वर्षा के असमान वितरण जैसी परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए वैज्ञानिक जल प्रबंधन की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।
अतः ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की ओर से विनम्र आग्रह है कि उत्तर प्रदेश में भी “हर ग्राम पंचायत – अपना जल बजट” अभियान प्रारंभ करते हुए निम्नलिखित कार्यवाही सुनिश्चित करने की कृपा की जाए—
- प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध रूप से जल बजट तैयार करने की योजना लागू की जाए।
- ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के साथ जल बजट को अनिवार्य रूप से एकीकृत किया जाए।
- ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों को जल बजट निर्माण हेतु आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
- प्रत्येक ग्राम पंचायत में वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, जल संरक्षण एवं जल उपयोग का वैज्ञानिक आकलन कर स्थानीय कार्ययोजना तैयार की जाए।
- इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों एवं तकनीकी संस्थाओं का समन्वय स्थापित किया जाए।
- योजना के सफल संचालन हेतु आवश्यक वित्तीय एवं तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
महोदय, यदि उत्तर प्रदेश में इस महत्वाकांक्षी योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जाता है तो इससे जल संरक्षण को नई दिशा मिलेगी, भूजल स्तर में सुधार होगा, कृषि उत्पादन को स्थायित्व प्राप्त होगा तथा प्रदेश के करोड़ों ग्रामीण नागरिकों को दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि जनहित एवं प्रदेशहित में इस विषय पर आवश्यक निर्णय लेते हुए उत्तर प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में “जल बजट” योजना लागू कराने की कृपा करें।
सधन्यवाद।

भवदीय,
(विवेक चन्द्र अवस्थी)
राष्ट्रीय अध्यक्ष
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन
“सशक्त संगठन – सशक्त पंचायत – सतत् विकास”
ग्रामीण भारत की विश्वसनीय आवाज़
मोबाइल : +91 9415486328
ईमेल : graminsatta@gmail.com
