लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने पंचायत प्रशासक प्रकरण के निस्तारित होने पर प्रदेश के समस्त ग्राम पंचायत प्रशासकों से आह्वान किया है कि वे शासन की मंशा एवं न्यायालय के निर्णय की भावना के अनुरूप ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को गति प्रदान करें तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अब सभी प्रशासकों का दायित्व है कि वे ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पंचायत परिसंपत्तियों के संरक्षण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें, जिससे ग्रामीण जनता को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त हो सके।
श्री अवस्थी ने संगठन के समस्त राष्ट्रीय, प्रांतीय, मंडलीय, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों से संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए पूर्ण सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज़ को सशक्त बनाने एवं उनके वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी संगठन की गरिमा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना को सर्वोच्च रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
