-विवेक चन्द्र अवस्थी
उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना में 60 प्रतिशत जनसहभागिता पर 40 प्रतिशत सरकार देगी अनुदान
अपनी जन्मभूमि के विकास में भागीदार बनने का सुनहरा अवसर, ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने प्रदेशवासियों एवं ग्राम प्रधानों से की योजना से जुड़ने की अपील

लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मातृभूमि योजना’ गांवों के विकास में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से अब लोग अपनी मातृभूमि यानी अपने गांव के विकास में आर्थिक सहयोग देकर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। योजना के तहत विकास कार्यों की लागत में 60 प्रतिशत अंशदान जनसहभागिता के रूप में तथा 40 प्रतिशत अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिए जाने का प्रावधान है।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने प्रदेश के नागरिकों, ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, उद्यमियों, प्रवासी भारतीयों एवं सामाजिक संगठनों से मातृभूमि योजना से जुड़कर अपने गांवों के विकास में सहभागी बनने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि गांव हमारी पहचान, संस्कृति और सामाजिक विरासत के आधार हैं। गांवों का विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि जनसहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी से भी संभव है। मातृभूमि योजना के माध्यम से अपने गांव से दूर रहने वाले लोग भी अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान दे सकते हैं। योजना की 60 प्रतिशत जनसहभागिता और 40 प्रतिशत सरकारी अनुदान की व्यवस्था विकास कार्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं से संबंधित विकास कार्य कराए जा सकते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
श्री अवस्थी ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को इस योजना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचानी चाहिए। ग्राम प्रधानों को चाहिए कि वे गांव के सक्षम नागरिकों, प्रवासी भारतीयों, उद्योगपतियों और सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों को जोड़कर विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कराने की दिशा में पहल करें। इससे गांवों में सामूहिक सहयोग की भावना विकसित होगी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास को गति मिलेगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों, ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता के अनुरूप आगे आएं और अपने गांव के विकास में योगदान दें।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि अपनी मातृभूमि के विकास में योगदान देना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, अपनी पहचान और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जिम्मेदारी निभाना है। हमारा संकल्प है—सशक्त संगठन, सशक्त पंचायत और सतत विकास। आइए, मिलकर अपने गांवों को विकसित, स्वच्छ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाएं।
