पंचायत प्रतिनिधियों के सुख-दुःख, संघर्ष और सम्मान से जुड़ा है मेरा आत्मीय रिश्ता, ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन बनेगा राष्ट्रीय स्तर पर उनकी आवाज़ का सशक्त मंच

नई दिल्ली । ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति अपनी आत्मीय भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए देश का प्रत्येक पंचायत प्रतिनिधि केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि उनके अपने परिवार का सदस्य है। ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारियां निभा रहे ग्राम प्रधान, सरपंच, मुखिया, पंचायत अध्यक्ष, पंचायत सदस्य एवं समस्त त्रिस्तरीय पंचायतीराज प्रतिनिधियों के साथ उनका रिश्ता केवल संगठनात्मक नहीं, बल्कि आत्मीयता, विश्वास, सम्मान और पारिवारिक भावनाओं पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि परिवार वही होता है, जहां एक-दूसरे के सुख में प्रसन्नता, दुःख में संवेदना, संघर्ष में साथ और सफलता में गर्व का भाव हो। देश के किसी भी कोने में स्थित पंचायत की उपलब्धि उनके लिए गौरव का विषय है, वहीं किसी पंचायत प्रतिनिधि का संघर्ष उनकी चिंता और उसकी पीड़ा उनकी संवेदना से जुड़ी है। पंचायत प्रतिनिधियों के सपने और आकांक्षाएं ही संगठन के सामूहिक संकल्प हैं।
श्री अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन का उद्देश्य देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों को एक मजबूत मंच पर एकजुट करना, उनकी आवाज़ बनना, उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करना तथा उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाना है। उनकी हार्दिक इच्छा है कि देश का कोई भी पंचायत प्रतिनिधि स्वयं को अकेला, उपेक्षित अथवा असहाय महसूस न करे। प्रत्येक प्रतिनिधि को यह विश्वास होना चाहिए कि उसके सुख-दुःख में सहभागी बनने और उसके सम्मान के लिए खड़ा होने वाला एक विशाल परिवार उसके साथ है।

उन्होंने कहा कि पद और प्रतिष्ठा समय के साथ बदल सकते हैं, लेकिन आत्मीय रिश्ते, आपसी विश्वास और परिवार का साथ सदैव अमूल्य रहता है। यह संगठन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के समस्त पंचायत प्रतिनिधियों का साझा संगठन है। इसकी पहचान पंचायत प्रतिनिधि हैं, इसकी शक्ति पंचायत प्रतिनिधि हैं और इसका गौरव भी वही हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे पदों से ऊपर उठकर आपसी रिश्तों को महत्व दें, व्यक्तिगत सीमाओं से आगे बढ़कर सामूहिक शक्ति बनें तथा एक-दूसरे के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लें।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान उनके लिए केवल संगठन का विषय नहीं, बल्कि अपने परिवार के सम्मान का प्रश्न है। संगठन का मूल ध्येय ‘सशक्त संगठन–सशक्त पंचायत–सतत विकास’ है और इसी भावना के साथ देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों को एक परिवार के रूप में जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
