राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों, संपादकों एवं मीडिया कर्मियों को दी शुभकामनाएं, कहा- जनहित की आवाज बुलंद करने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने में पत्रकारिता की भूमिका अहम

लखनऊ । ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर देश के समस्त पत्रकारों, संपादकों, संवाददाताओं एवं मीडिया कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, सुशासन की स्थापना और जनहित के संरक्षण में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला होती है।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि सत्य, जनचेतना और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त आधार है। पत्रकारिता लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में शासन और प्रशासन को जनअपेक्षाओं तथा जनसमस्याओं से अवगत कराने के साथ ही सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार पत्रकार की कलम वंचितों और पीड़ितों की आवाज बुलंद करने, अन्याय के विरुद्ध जनमत तैयार करने तथा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सूचना एवं संचार क्रांति के दौर में पत्रकारिता का दायित्व और भी व्यापक हो गया है। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के तेजी से विस्तार के बीच तथ्यपरक समाचार, प्रमाणिक सूचनाएं, निष्पक्ष दृष्टिकोण और भाषा की मर्यादा बनाए रखना बेहद आवश्यक है। पत्रकारिता की विश्वसनीयता उसके नैतिक मूल्यों, सत्यनिष्ठा और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से ही कायम रहती है।
उन्होंने समाचार कक्षों में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देने वाले संपादकों से लेकर विषम परिस्थितियों में धरातल पर रहकर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने वाले संवाददाताओं तक सभी मीडिया कर्मियों के योगदान की सराहना की। कहा कि अनेक चुनौतियों, प्रतिकूल परिस्थितियों और दबावों के बावजूद सत्यनिष्ठा एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले पत्रकार समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और संवैधानिक गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से सकारात्मक, तथ्यपरक और उत्तरदायी पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्य की अभिव्यक्ति निर्भीक रहे, पत्रकारिता की स्वतंत्रता अक्षुण्ण रहे और लोकतंत्र में जनहित की आवाज सदैव बुलंद होती रहे।
