स्थानीय रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : विवेक चन्द्र अवस्थी
लखनऊ । ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने के लिए गरीबी उन्मूलन और स्थायी आजीविका के अवसरों का विस्तार बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य को लेकर स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों (LSDGs) के अंतर्गत थीम-1 ‘गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका गाँव’ पर विशेष जोर दिया गया है। इस थीम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करना, रोजगार के स्थायी अवसर उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक पात्र परिवार को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन का मानना है कि इस लक्ष्य को धरातल पर साकार करने में ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। ग्राम पंचायतें स्थानीय संसाधनों की पहचान, रोजगारपरक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार को प्रोत्साहन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुँचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं।
संगठन के अनुसार, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास कार्यक्रमों एवं विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है। इसके लिए जरूरतमंद परिवारों का सर्वेक्षण, आजीविका संबंधी आवश्यकताओं का आकलन और ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) में प्राथमिकता के आधार पर कार्यों का समावेश जरूरी है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए महिलाओं एवं युवाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों के विपणन, कृषि आधारित लघु उद्योगों, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, कुटीर उद्योग एवं डिजिटल कौशल को बढ़ावा देकर गाँवों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि गरीबी मुक्त गाँव का सपना केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी, जनसहयोग और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन से साकार होगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पात्र परिवार रोजगार, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल गाँवों का विकास करना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सम्मानजनक आजीविका, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। जब गाँव का प्रत्येक परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होगा, तभी सशक्त पंचायत और समृद्ध ग्रामीण भारत का निर्माण संभव होगा।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की अपील है कि सभी ग्राम पंचायतें स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों को अपनी कार्ययोजना का हिस्साबनाएं और गरीबी मुक्त, रोजगारयुक्त एवं आत्मनिर्भर गाँवों के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
