नया आधार बनवाने से अपडेट और मोबाइल नंबर लिंक तक की सुविधाएं गांव में उपलब्ध कराने की पहल
लखनऊ। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए शहर या दूर-दराज के केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की पहल का स्वागत किया है।
संगठन की ओर से कहा गया कि नया आधार बनवाना हो, आधार में संशोधन या अपडेट कराना हो, आधार डाउनलोड करना हो अथवा मोबाइल नंबर लिंक जैसी आवश्यक सेवाएं प्राप्त करनी हों, तो ऐसी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि पंचायतें केवल स्थानीय विकास और प्रशासन की इकाई नहीं, बल्कि ग्रामीण नागरिकों तक आवश्यक डिजिटल एवं जनसुविधाएं पहुंचाने का प्रभावी केंद्र भी बननी चाहिए। पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की उपलब्धता से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और दूरदराज के ग्रामीणों को विशेष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं की पहुंच गांव तक मजबूत करना सशक्त पंचायत और आत्मनिर्भर ग्रामीण व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संगठन पंचायतों को जनसुविधाओं का स्थानीय केंद्र बनाने के लिए निरंतर आवाज उठाता रहेगा।
संगठन का संदेश है—
“पंचायत मजबूत होगी, तो गांव की हर जरूरी सेवा ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचेगी।”
