स्वच्छ गांव के लिए हर नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी : विवेक चन्द्र अवस्थी
लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने देश व प्रदेशवासियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि “कचरा नहीं, जिम्मेदारी चुनें” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव के निर्माण का संकल्प है। प्रत्येक परिवार घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखे, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण करे तथा निर्धारित कूड़ेदान का ही उपयोग करे।
श्री अवस्थी ने कहा कि गांव की स्वच्छता केवल ग्राम पंचायत या सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है। हर नागरिक की छोटी-सी पहल गांव की तस्वीर बदल सकती है। सार्वजनिक स्थानों, गलियों और नालियों में कचरा न फेंकें तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने ग्राम प्रधानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में कचरा पृथक्करण, स्वच्छता जागरूकता और नियमित साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव ही स्वस्थ गांव की नींव है। आइए, हम सभी मिलकर अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और आदर्श बनाने का संकल्प लें।
