नई दिल्ली। इंडिया AI पंचायत मिशन की संस्थापक एवं ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. एभा पटेल को प्रतिष्ठित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में सम्मानित किए जाने पर देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है। यह सम्मान उन्हें विश्व की सबसे बड़ी कंप्यूटर प्रोग्रामिंग प्रतियोगिता से जुड़े ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता के लिए प्रदान किया गया, जिसका आयोजन टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) द्वारा किया गया।

डॉ. एभा पटेल लंबे समय से देश की ग्राम पंचायतों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों से जोड़ने, पंचायत प्रतिनिधियों की डिजिटल क्षमता बढ़ाने तथा ग्रामीण प्रशासन को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। उनके नेतृत्व में इंडिया AI पंचायत मिशन का उद्देश्य देश की प्रत्येक ग्राम पंचायत को AI आधारित स्मार्ट पंचायत के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि भारत की प्रत्येक पंचायत AI से सशक्त बने, प्रत्येक सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधि डिजिटल रूप से सक्षम हों तथा गांव-गांव तक विकास की नई रोशनी पहुंचे।
मिशन के अनुसार यह पहल देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों तथा लगभग 2.5 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों तक AI आधारित समाधान पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके माध्यम से पंचायतों में डेटा आधारित निर्णय प्रणाली, पारदर्शी शासन, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, स्मार्ट आंगनवाड़ी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की निगरानी तथा ग्राम विकास की वैज्ञानिक योजना तैयार करने जैसे नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने डॉ. एभा पटेल को इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा डिजिटल ग्रामीण भारत के निर्माण के लिए कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. पटेल का अनुभव और नेतृत्व पंचायतों में AI आधारित सुशासन की दिशा में नई प्रेरणा प्रदान करेगा।
यह उपलब्धि डिजिटल इंडिया, विकसित भारत-2047 तथा तकनीक-संचालित ग्रामीण विकास के लक्ष्य को नई गति देने वाली एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने आशा व्यक्त की है कि AI आधारित पंचायत मॉडल भविष्य में देशभर की ग्राम पंचायतों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, नवाचारी एवं जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
