देशभर के उत्कृष्ट पंचायत प्रतिनिधियों के चयन हेतु विशेषज्ञों, न्यायविदों एवं शिक्षाविदों की राष्ट्रीय समिति का गठन
नई दिल्ली/लखनऊ, 17 जुलाई 2026।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने देशभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किए जा रहे “पंचायत रत्न” राष्ट्रीय सम्मान-2026 के लिए एक उच्चस्तरीय राष्ट्रीय चयन समिति के गठन की घोषणा की है। इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी द्वारा कार्यालय ज्ञापन/शासनादेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, सम्मान के लिए प्राप्त होने वाले नामांकनों का परीक्षण, मूल्यांकन, सत्यापन एवं अंतिम चयन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। चयन समिति में पंचायतीराज, न्यायपालिका, शिक्षा, विधि, प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।
समिति के प्रमुख संरक्षक के रूप में भारत गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद का नाम प्रस्तावित किया गया है। इसके अतिरिक्त समिति में पंचायतीराज विशेषज्ञ श्री विवेक गंगवार, वरिष्ठ रणनीतिकार डॉ. दिलीप सिंह लोधी, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश श्री चन्द्र भूषण पाण्डेय, प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. विकास दिव्यकीर्ति, नोबेल पुरस्कार विजेता श्री कैलाश सत्यार्थी, सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता श्री विवेक सिंह, समाज कल्याण विभाग के पूर्व उपनिदेशक श्री जीतेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रमुख डॉ. एभा पटेल, राष्ट्रीय महासचिव राजमणि पाण्डेय तथा राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।
चयन समिति पंचायत प्रतिनिधियों का मूल्यांकन सुशासन, पारदर्शिता, ग्राम सभा की सक्रियता, डिजिटल पंचायत, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला एवं बाल सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता तथा सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप किए गए कार्यों के आधार पर करेगी। आवश्यकता पड़ने पर समिति स्थल निरीक्षण एवं स्वतंत्र सत्यापन भी करा सकेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि “पंचायत रत्न” सम्मान का उद्देश्य उन ग्राम पंचायतों एवं जनप्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पहचान देना है जिन्होंने ग्रामीण विकास, नवाचार, जनभागीदारी और सुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य किए हैं। यह सम्मान देशभर की पंचायतों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और विकास की नई संस्कृति को बढ़ावा देगा।
उन्होंने बताया कि चयन समिति की संस्तुतियों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा अंतिम अनुमोदन प्रदान किए जाने के उपरांत “पंचायत रत्न” राष्ट्रीय सम्मान-2026 के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ पंचायत प्रतिनिधियों की घोषणा की जाएगी।
