लखनऊ, 06 जुलाई। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी पंचायत सशक्तीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श एवं संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन के लिए नई दिल्ली रवाना हुए। इस प्रवास के दौरान भारत सरकार के पंचायतीराज मंत्रालय में पंचायत व्यवस्था को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी एवं जनोन्मुख बनाने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रचनात्मक संवाद होगा।
नई दिल्ली प्रवास के दौरान श्री अवस्थी पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों एवं दायित्वों के संरक्षण, ग्राम पंचायतों के संस्थागत सुदृढ़ीकरण, स्थानीय स्वशासन को अधिक सक्षम बनाने, ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल एवं पारदर्शी पंचायत व्यवस्था तथा पंचायतों के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर मंत्रालय के अधिकारियों एवं संबंधित पक्षों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही वे देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों, समस्याओं एवं जमीनी अनुभवों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करेंगे।
श्री अवस्थी ने कहा कि “सशक्त पंचायतें ही विकसित भारत की सबसे मजबूत आधारशिला हैं।” उन्होंने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकार, सम्मान एवं क्षमता संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकारों, पंचायतीराज संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित कर ग्राम स्वराज की अवधारणा को व्यवहारिक रूप देना है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रवास पंचायत सशक्तीकरण की दिशा में नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा तथा पंचायतीराज व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने के प्रयासों को नई गति प्रदान करेगा।
संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्री अवस्थी की इस महत्वपूर्ण यात्रा को देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उनके सफल एवं उद्देश्यपूर्ण प्रवास की शुभकामनाएँ दी हैं।
