नई दिल्ली,6 जुलाई। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर जननेता एवं भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबू जगजीवन राम जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक न्याय, समरसता तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम जी ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुदृढ़ बनाने, सामाजिक समानता स्थापित करने तथा संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनका दूरदर्शी नेतृत्व, सादगी, कर्मनिष्ठा एवं जनसेवा का भाव आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
श्री अवस्थी ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की आधारशिला हैं और सामाजिक न्याय की भावना तभी साकार होगी जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ समान रूप से पहुँचे। बाबू जगजीवन राम जी के विचार ग्राम स्वराज, समावेशी विकास और जनभागीदारी को नई दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि बाबू जगजीवन राम जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समान अवसर, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
