ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की कटान रोकने हेतु प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों के अन्त्योष्टि स्थलों को विद्युत शवदाह गृह में परिवर्तित करने का प्रत्यावेदन मा. मुख्यमंत्री जी को प्रेषित किया !
कानपुर । ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में पहले से निर्मित अंत्येष्टि स्थलों को चरणबद्ध रूप से विद्युत शवदाह गृह में परिवर्तित किया जाए।
मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रत्यावेदन में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी अंतिम संस्कार के लिए बड़ी मात्रा में लकड़ी का उपयोग किया जाता है, जिससे हर वर्ष हजारों वृक्षों की कटान होती है और वायु प्रदूषण में निरंतर वृद्धि होती है। यदि ग्राम पंचायत स्तर पर विद्युत शवदाह गृह स्थापित किए जाएँ, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी कदम सिद्ध होगा।
विवेक अवस्थी ने कहा कि प्रदेश की अधिकांश ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल पहले से उपलब्ध हैं। ऐसे में इन्हें चरणबद्ध तरीके से आधुनिक विद्युत शवदाह गृह में विकसित करने से अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता भी नहीं होगी और ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों जैसी सम्मानजनक, स्वच्छ एवं आधुनिक अंतिम संस्कार की सुविधा अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से वृक्षों की कटान में उल्लेखनीय कमी आएगी, वायु प्रदूषण नियंत्रित होगा, कार्बन उत्सर्जन घटेगा तथा पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने मुख्यमंत्री से जनहित एवं पर्यावरण हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश की ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध रूप से विद्युत शवदाह गृह स्थापित कराने की मांग की है।
