12 जुलाई को प्रातः 7:00 बजे से सायंकाल 6:00 बजे तक वृक्षारोपण महाअभियान
लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने संगठन के समस्त पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों से आगामी 12 जुलाई को प्रातः 7:00 बजे से सायंकाल 6:00 बजे तक आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि यह महाअभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्तमान और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने का एक राष्ट्रीय संकल्प है। प्रत्येक लगाया गया पौधा स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण, जैव विविधता और समृद्ध ग्राम व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान होगा।
श्री अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में अधिकतम वृक्षारोपण सुनिश्चित करते हुए आमजन को भी इस अभियान से जोड़ने का कार्य करे। जनभागीदारी से ही यह अभियान एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकेगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि आइए, 12 जुलाई को एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित, स्वच्छ एवं सुरक्षित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
सशक्त संगठन – सशक्त पंचायत – हरित ग्राम – विकसित भारत
