राष्ट्रपति भवन, लालकिला, राजभवन और विधानसभा भवन उत्तर प्रदेश में संगठन के पदाधिकारियों की सहभागिता
पहली बार प्रशासक के रूप में स्वतंत्रता दिवस मना रहे पंचायत प्रतिनिधि, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली । इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस पंचायत प्रतिनिधियों के लिए विशेष महत्व लेकर आया है। पहली बार प्रशासक के रूप में स्वतंत्रता दिवस मना रहे पंचायत प्रतिनिधियों के बीच ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने राष्ट्रीय पर्व को गौरव और उत्साह के साथ मनाया।
संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति भवन, लालकिला, राजभवन एवं उत्तर प्रदेश विधान सभा भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में सहभागिता की। महत्वपूर्ण राष्ट्रीय एवं संवैधानिक संस्थानों में संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति से संगठन की पहचान और सक्रियता को नया आयाम मिला।
“प्रशासक के रूप में नई जिम्मेदारी, पंचायतों के विकास का संकल्प”
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस बार का स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए इसलिए भी विशेष है, क्योंकि हम पंचायतों की जिम्मेदारियों का निर्वहन प्रशासक के रूप में कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल राष्ट्रीय गौरव का पर्व नहीं, बल्कि गांव, गरीब और ग्रामीण विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक मजबूती से निभाने का संकल्प लेने का अवसर भी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत लोकतंत्र की प्रथम पाठशाला है। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज को मजबूत करते हुए पंचायतों के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर सशक्त पंचायत, आत्मनिर्भर गांव और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
