लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन एवं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान तथा उनके स्वास्थ्य संरक्षण के लिए की गई पहल का स्वागत किया है।

संगठन ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में मिड-डे मील रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। 3.54 लाख रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराने तथा उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ देने की पहल सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि रसोइये विद्यालयी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की चिंता करना केवल कल्याणकारी कदम नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के प्रति सम्मान है जो प्रतिदिन बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा अन्य सहायता से रसोइयों के परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। संगठन सरकार से यह भी अपेक्षा करता है कि भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत अन्य मानदेय कर्मियों और पंचायत स्तर के श्रमिकों के लिए भी स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं को और मजबूत किया जाए।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की ओर से मिड-डे मील रसोइयों को सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की इस पहल के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए सभी रसोइयों एवं उनके परिवारों के स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मानपूर्ण भविष्य की मंगलकामना की गई।
