राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व

पद्मश्री पवार पोपटराव भागुजी के उल्लेखनीय ग्राम विकास कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली और तत्कालीन महामहिम राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी द्वारा उन्हें 08 नवम्बर 2021 को “पद्मश्री”सम्मान से सम्मानित किया गया था।

नई दिल्ली। ग्रामीण विकास, ग्राम स्वराज एवं पंचायतीराज व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में सक्रिय ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने महाराष्ट्र के हिवरे बाजार ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान एवं पद्मश्री से सम्मानित श्री पवार पोपटराव भागुजी को संगठन के राष्ट्रीय मार्गदर्शक मंडल में शामिल करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण दायित्व से सम्मानित किया है। साथ ही उन्हें महाराष्ट्र प्रान्त प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

हिवरे बाजार को जल संरक्षण, ग्राम स्वावलंबन, जनभागीदारी, सामाजिक अनुशासन और समग्र ग्राम विकास के अनुकरणीय मॉडल के रूप में स्थापित करने में पद्मश्री पवार पोपटराव भागुजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में हिवरे बाजार ने देशभर में ग्रामीण विकास की एक प्रेरणादायी पहचान बनाई है।
पद्मश्री पवार पोपटराव भागुजी के उल्लेखनीय ग्राम विकास कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली और तत्कालीन महामहिम राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी द्वारा उन्हें 08 नवम्बर 2021 को “पद्मश्री”सम्मान से सम्मानित किया गया था। उनका संगठन से जुड़ना देश के पंचायतीराज प्रतिनिधियों और ग्राम विकास से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि पद्मश्री पोपटराव बागूजी पवार जी का अनुभव, दूरदृष्टि और ग्राम विकास के प्रति समर्पण संगठन के लिए अमूल्य मार्गदर्शन सिद्ध होगा। उनके जुड़ने से संगठन के “सशक्त संगठन–सशक्त पंचायत–सतत् विकास” के संकल्प को नई शक्ति और व्यापक दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सहित देशभर की ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण, स्वच्छता, ग्राम स्वावलंबन, महिला सशक्तीकरण, जनभागीदारी, सामाजिक अनुशासन और सतत् ग्रामीण विकास के सफल मॉडलों को बढ़ावा देने में पवार जी का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।
संगठन का विश्वास है कि पद्मश्री पोपटराव बागूजी पवार जी के मार्गदर्शन में महाराष्ट्र की पंचायतों को नई ऊर्जा मिलेगी और हिवरे बाजार मॉडल से प्रेरणा लेकर देश के अन्य गांव भी आत्मनिर्भर, स्वावलंबी एवं आदर्श ग्राम बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन परिवार की ओर से पद्म श्री पवार पोपटराव भागुजी को राष्ट्रीय मार्गदर्शक मंडल में शामिल होने, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र प्रान्त प्रभारी के नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं।
