अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी युवाओं को शुभकामनाएं
कानपुर। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने देश के सभी युवाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के वर्तमान को ऊर्जा और भविष्य को नई दिशा देने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि उत्साह, साहस, नवाचार और सकारात्मक सोच युवाओं की सबसे बड़ी पहचान है। यदि युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सेवा, स्वरोजगार, तकनीक और राष्ट्रहित के कार्यों में लगाएंगे तो गांव से लेकर देश तक विकास की नई तस्वीर सामने आएगी।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसके गांवों और युवाओं में निहित है। पंचायतों को मजबूत बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति बढ़ाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला, सामाजिक नेतृत्वकर्ता और परिवर्तन का वाहक बनाया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के संदेश को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, “युवा शक्ति है, राष्ट्र शक्ति है।” देश के युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और संकल्प को सही दिशा मिले तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से मजबूत होगा।
