9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान, ग्राम पंचायतों में तिरंगा फहराने का आह्वान
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है। अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलाया जाएगा। संगठन ने ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति नागरिक कर्तव्यों की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारभूत इकाई हैं। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने गांवों में अभियान को प्रभावी बनाते हुए अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ें।
अभियान के तहत ग्रामीणों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है। संगठन ने अभियान का संदेश “तिरंगा हमारी पहचान, पंचायत हमारी शान” रखा है।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ गांवों में एकता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।
