श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर शिवसागर अवस्थी, आशीष पांडेय पिपरौंदा और ऋषि त्रिपाठी ने बांधा समां; रात्रि 12 बजे युगलकिशोर की महाआरती के साथ हुआ भव्य जन्मोत्सव

कानपुर। श्री बांके बिहारी धाम मड़ेपुर-कानपुर में श्री बिहारी जी विराजमान मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट (रजि.) द्वारा योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा श्री बांके बिहारी धाम “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह श्री कृष्णमय हो गया।

जन्मोत्सव समारोह में प्रदेश के ख्याति प्राप्त व्यास जी शिवसागर अवस्थी, प्रसिद्ध श्रीराम अभिनेता श्री आशीष पांडेय पिपरौंदा एवं सुप्रसिद्ध तबला वादक ऋषि त्रिपाठी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री कृष्ण के मधुर भजनों और भक्तिमय प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में सराबोर रहे। मंदिर परिसर में भगवान श्री कृष्ण के जयकारों, भजनों और घंटियों की गूंज ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।

रात्रि 12 बजे चि. सौरभ अवस्थी द्वारा युगलकिशोर की विधिवत महाआरती की गई। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा कीं और भगवान श्री कृष्ण से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
युगल किशोर योगेश्वर का विधिवत पूजनपाठ आचार्य बालगोविन्द द्विवेदी द्वारा सायं 8बजे से रात्रि 12 बजे तक किया गया!

ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी एवं सरवराहकार श्री विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, सत्य, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला दिव्य अवसर है। उन्होंने कहा कि श्री बांके बिहारी धाम मड़ेपुर में इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ जन्मोत्सव मनाना उनके लिए अत्यंत भावुक और सौभाग्यपूर्ण क्षण है।
उन्होंने कहा कि श्री बिहारी जी विराजमान मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक एकता की भावना को निरंतर मजबूत किया जाए। उन्होंने सभी देशवासियों एवं श्री कृष्ण भक्तों को श्री कृष्ण जन्मोत्सव की हृदय से शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री कृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, प्रेम और समृद्धि की कामना की।
ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी भक्तों, कलाकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। देर रात तक धाम में “जय श्री कृष्ण” और “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष गूंजते रहे और भक्तिमय वातावरण में श्री कृष्ण जन्मोत्सव का समापन हुआ.
