लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन द्वारा आगामी 02 अक्टूबर 2026 को आयोजित किए जाने वाले भव्य “पंचायत रत्न–2026” सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर आज लखनऊ स्थित पर्यटन विभाग अतिथि गृह में महत्वपूर्ण मंत्रणा आयोजित की गई।

बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी की अध्यक्षता में संगठन के प्रमुख सलाहकार श्री विवेक गंगवार एवं विधि सलाहकार श्री विवेक सिंह जी के साथ समारोह की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मंत्रणा के पश्चात समारोह से संबंधित आवश्यक तैयारियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि “पंचायत रत्न–2026” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे मजबूत आधारशिला ग्राम पंचायतों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण नेतृत्व के योगदान को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रयास है। पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, सुशासन, जनभागीदारी और सामाजिक परिवर्तन के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिनिधियों एवं व्यक्तित्वों को सम्मानित करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि 02 अक्टूबर का दिन, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर, ग्राम स्वराज और सशक्त पंचायत व्यवस्था के संकल्प को और मजबूत करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी भावना के साथ “पंचायत रत्न–2026” समारोह को गरिमापूर्ण एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में कार्यक्रम की समय-सारिणी, अतिथियों के स्वागत, सम्मान समारोह, मंचीय व्यवस्थाओं, प्रोटोकॉल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि “पंचायत रत्न–2026” समारोह देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा तथा ग्राम स्वराज, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
