आजमगढ़। ‘पंचायत रत्न–2026’ अलंकरण समारोह के आयोजन के दृष्टिगत ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने आज आजमगढ़ के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर उन्होंने आगामी 02 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘पंचायत रत्न–2026’ समारोह का औपचारिक आमंत्रण प्रदान किया तथा कार्यक्रम की गरिमा एवं सफल आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग का आग्रह किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न मंडलों सहित देश के विभिन्न राज्यों से पंचायत प्रतिनिधियों एवं अतिथियों के सम्मिलित होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा तथा ग्राम पंचायतों में बेहतर नेतृत्व, जनभागीदारी एवं सुशासन को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की और प्रशासन की ओर से अपेक्षित सहयोग एवं समन्वय के संबंध में चर्चा की।
