लखनऊ, 2 अगस्त।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र-2026 के आरंभ से पूर्व विधान भवन, लखनऊ में आयोजित सर्वदलीय बैठक का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद, सहमति और समन्वय ही सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक का उद्देश्य केवल सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करना ही नहीं, बल्कि प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों, पंचायतों तथा आम नागरिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक विमर्श का वातावरण तैयार करना भी है।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने अपेक्षा व्यक्त की कि मानसून सत्र के दौरान ग्रामीण विकास, पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण, ग्राम पंचायतों को वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों के विस्तार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, जल संरक्षण तथा आधारभूत सुविधाओं जैसे जनसरोकार के विषयों पर गंभीरता से चर्चा होगी और प्रदेशहित में प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों सकारात्मक भूमिका निभाते हुए जनभावनाओं का सम्मान करें तथा सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित एवं सार्थक बनाएं।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने आशा व्यक्त की है कि मानसून सत्र प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए संकल्पों को गति प्रदान करेगा तथा ग्रामीण भारत की आकांक्षाओं को नीति-निर्माण में समुचित स्थान मिलेगा।
