लखनऊ/कानपुर। अन्तर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने देश एवं प्रदेश के समस्त ग्रामवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं एवं नागरिकों से प्लास्टिक थैलों के उपयोग का त्याग कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान समय में प्लास्टिक प्रदूषण सम्पूर्ण विश्व के समक्ष एक गंभीर पर्यावरणीय संकट के रूप में उभरकर सामने आया है। प्लास्टिक का अनियंत्रित उपयोग न केवल भूमि, जल एवं वायु को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि मानव स्वास्थ्य, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत की ग्राम पंचायतें सतत् विकास, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला हैं। यदि प्रत्येक ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प ले, तो एक स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
श्री अवस्थी ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा कपड़े, जूट एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्त बाजार एवं प्लास्टिक मुक्त ग्राम की अवधारणा को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने गांव, बाजार एवं परिवेश को एकल उपयोग प्लास्टिक से मुक्त बनाकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि “प्लास्टिक मुक्त ग्राम ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत की सुदृढ़ आधारशिला है।”

