फर्रुखाबाद l।1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना एवं अदम्य साहस की प्रतीक वीरांगना ऊदा देवी की 196वीं जयंती के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विवेक चन्द्र अवस्थी ने अपने संदेश में कहा कि वीरांगना ऊदा देवी भारतीय नारी शक्ति, साहस, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय प्रतीक हैं। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध अद्भुत वीरता एवं पराक्रम का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहुति देकर देश की स्वतंत्रता के लिए अमिट योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि सिकंदरबाग, लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका जीवन हमें राष्ट्रहित, सामाजिक न्याय एवं महिला सशक्तिकरण के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने प्रदेश एवं देशवासियों से आह्वान किया कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान एवं आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक समरसता के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
“वीरांगना ऊदा देवी का अद्वितीय बलिदान एवं राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणापुंज बनी रहेगी।”
