प्रमुख संरक्षक विवेक गंगवार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी के मध्य विस्तृत विचार-विमर्श; संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और पंचायत प्रतिनिधियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर बनी कार्ययोजना
लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, भावी कार्ययोजना एवं राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार को लेकर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में संगठन के प्रमुख संरक्षक विवेक गंगवार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी के मध्य लगभग तीन घंटे तक विस्तृत एवं सारगर्भित विचार-विमर्श संपन्न हुआ।

बैठक के दौरान संगठन के दीर्घकालिक दृष्टिकोण, सदस्यता विस्तार अभियान, राष्ट्रीय, प्रादेशिक, मंडल एवं जिला इकाइयों के सुदृढ़ीकरण, पंचायत प्रतिनिधियों के हितों के संरक्षण, संगठनात्मक संरचना को अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर गहन मंथन किया गया।
प्रमुख संरक्षक विवेक गंगवार ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य पंचायत व्यवस्था को अधिक सशक्त, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाना है। इसके लिए प्रत्येक जनपद एवं विकासखंड स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों की सहभागिता एवं सक्रियता को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों, सम्मान एवं ग्राम स्वराज की अवधारणा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में व्यापक सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा जनहित के विविध विषयों पर जनजागरण अभियान चलाकर संगठन की गतिविधियों को और अधिक व्यापक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
बैठक के समापन पर संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक सशक्त, अनुशासित, प्रभावी एवं जनविश्वसनीय स्वरूप प्रदान करने हेतु साझा संकल्प व्यक्त किया गया तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर सहमति बनी।
