लखनऊ। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा विभिन्न जनपदों में आयोजित भ्रमण एवं समीक्षा बैठकों में ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के पदाधिकारियों की प्रभावशाली सहभागिता चर्चा का विषय रही। पंचायतों एवं पिछड़े वर्ग से जुड़े मुद्दों पर संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सुझावों और तथ्यों की आयोग के सदस्यों ने सराहना की।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने बताया कि आयोग के पदाधिकारियों से हुई संक्षिप्त दूरभाष वार्ता के दौरान उन्हें अवगत कराया गया कि संगठन के प्रतिनिधियों ने विभिन्न जनपदों में पंचायतों की समस्याओं, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को गंभीरता और तथ्यपरक ढंग से आयोग के समक्ष रखा। आयोग के पदाधिकारियों ने संगठन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि “ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के पदाधिकारी पंचायत सशक्तीकरण के क्षेत्र में एक मिसाल बनकर कार्य कर रहे हैं।”
श्री अवस्थी ने कहा कि यह उपलब्धि संगठन के प्रत्येक समर्पित पदाधिकारी और कार्यकर्ता के निरंतर परिश्रम एवं जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी पंचायतों के अधिकारों, ग्रामीण विकास और जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाता रहेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश प्रभारी शौबीर सिंह (बिजनौर), प्रदेश अध्यक्ष मनु यादव (अमरोहा), प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव (रायबरेली), प्रदेश सचिव सोनी सिंह (मुरादाबाद) सहित विभिन्न जनपदों के दर्जनों पदाधिकारियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी ने अपनी प्रभावी प्रस्तुति, संगठनात्मक क्षमता एवं अनुशासित कार्यशैली से ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की गरिमा को राज्य स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा, “आप सभी साथियों ने संगठन के सम्मान और प्रतिष्ठा को जिस ऊंचाई तक पहुंचाया है, उसके लिए पूरा संगठन सदैव आपका ऋणी रहेगा। आपकी निष्ठा और समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है तथा यही भावना पंचायत सशक्तीकरण के अभियान को नई दिशा प्रदान करेगी।”
