PM Gati Shakti, India-WRIS, Bhuvan और Yuktdhara Portal से मिलेगा प्रमाणिक डेटा, ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने किया स्वागत
लखनऊ, 24 जुलाई।
ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया अब आधुनिक डिजिटल तकनीक और प्रमाणिक आंकड़ों पर आधारित होगी। इससे विकास कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप, अधिक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।
पंचायतीराज विभाग द्वारा ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तैयार करने में PM Gati Shakti, India-WRIS, Bhuvan तथा Yuktdhara Planning Portal जैसे अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है। इन माध्यमों से पंचायतों को आधारभूत संरचना, जल संसाधनों, भू-स्थानिक (Geospatial) जानकारी तथा जियो-टैग्ड परिसंपत्तियों का प्रमाणिक एवं अद्यतन डेटा उपलब्ध होगा।
PM Gati Shakti के माध्यम से सड़कों, रेलवे, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित आधारभूत संरचना की जानकारी प्राप्त होगी। India-WRIS से नदियों, तालाबों, जलाशयों और अन्य जल संसाधनों का विस्तृत डेटा मिलेगा। वहीं Bhuvan पोर्टल से सैटेलाइट इमेजरी और जियो-टैग्ड परिसंपत्तियों की जानकारी उपलब्ध होगी। इन सभी सूचनाओं का Yuktdhara Planning Portal पर एकीकृत उपयोग कर ग्राम पंचायतें अपनी वास्तविक आवश्यकताओं का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए विकास की प्राथमिकताएं तय करेंगी।
इस व्यवस्था से संसाधनों का प्रभावी उपयोग, पारदर्शी योजना निर्माण, विकास कार्यों की गुणवत्ता और सतत ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आधारित योजना निर्माण से ग्राम पंचायतों की कार्यक्षमता और जवाबदेही दोनों मजबूत होंगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर बनने वाली विकास योजनाएं ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से तकनीक आधारित पंचायत शासन और वैज्ञानिक विकास योजना निर्माण की वकालत करता रहा है। यह पहल “विकसित ग्राम पंचायत–विकसित भारत” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
