https://members.graminsatta.com/
अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस पर विशेष संदेश-मेरी कलम से ……

लखनऊ । अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन की ओर से बेटियों के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि बेटियां परिवार की गरिमा और समाज की शक्ति हैं। उन्हें समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, प्रशासन, खेल, कृषि, उद्यमिता और सार्वजनिक जीवन सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। आवश्यकता इस बात की है कि बेटियों के प्रति सोच में सकारात्मक बदलाव लाते हुए उन्हें निर्णय लेने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के समान अवसर प्रदान किए जाएं।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा, “जिस समाज में बेटियों को सम्मान, शिक्षा और समान अवसर मिलता है, वही समाज मजबूत और प्रगतिशील बनता है। बेटी को बोझ नहीं, बल्कि परिवार और राष्ट्र की अमूल्य शक्ति के रूप में देखने की आवश्यकता है।”
ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन ने इस अवसर पर बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, महिला एवं बाल सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, बाल विवाह की रोकथाम तथा पंचायतों में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।
संगठन की ओर से सभी अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया गया कि वे अपने गांवों में बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा ऐसा वातावरण तैयार करें, जहां प्रत्येक बेटी बिना भेदभाव के अपने सपनों को पूरा कर सके।
