लखनऊ। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सशक्तीकरण, जनभागीदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचल की 285 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र (बूथ) पर एक सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता नियुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
संगठन द्वारा निर्धारित यह व्यापक अभियान ग्राम स्वराज की अवधारणा को साकार करने तथा पंचायतों को अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल माना जा रहा है। संगठन का उद्देश्य ग्राम स्तर तक मजबूत संगठनात्मक संरचना विकसित करते हुए प्रत्येक बूथ पर जनसरोकारों, पंचायत हितों एवं ग्रामीण विकास के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का सशक्त नेटवर्क स्थापित करना है।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन का मानना है कि सुदृढ़ बूथ स्तरीय संगठनात्मक व्यवस्था के माध्यम से ग्रामीण समाज की समस्याओं, अपेक्षाओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से शासन एवं प्रशासन तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे पंचायत सशक्तीकरण के संकल्प को नई गति मिलने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता भी बढ़ेगी।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य पंचायतों को अधिक सशक्त, उत्तरदायी एवं जनोन्मुख बनाना है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन की सक्रिय उपस्थिति ग्रामीण विकास, पंचायत हितों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि “सशक्त संगठन – सशक्त पंचायत – सतत् विकास” के मूल मंत्र के साथ संगठन प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पंचायत सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाता रहेगा।
