ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने ग्राम विकास, जल संरक्षण एवं आदर्श पंचायत निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया अभिनंदन

लखनऊ, 25 अक्टूबर 2026। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की ओर से रविवार को राज्य अतिथि गृह, लखनऊ में पद्मश्री श्री पोपटराव भागुजी पवार, सरपंच, ग्राम हिवरे बाजार, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र तथा पद्मश्री श्री उमाशंकर पाण्डेय को प्रतिष्ठित ‘पंचायत रत्न–2026’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ग्राम विकास, जनभागीदारी एवं आदर्श पंचायत निर्माण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

दोनों विभूतियों को यह सम्मान ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के संरक्षक श्री विवेक गंगवार, विधि संरक्षक श्री विवेक सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विवेक चन्द्र अवस्थी एवं राष्ट्रीय सचिव श्री सुरेंद्र सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि अपरिहार्य कारणों से पद्मश्री पोपटराव पवार एवं पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय गत 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित ‘पंचायत रत्न सम्मान समारोह–2026’ में उपस्थित नहीं हो सके थे। इसी क्रम में आज राज्य अतिथि गृह, लखनऊ में उन्हें सम्मान प्रदान कर संगठन की ओर से उनके प्रति आदर, सम्मान एवं अभिनंदन व्यक्त किया गया।

पद्मश्री पोपटराव पवार द्वारा महाराष्ट्र के हिवरे बाजार ग्राम पंचायत में विकास, जल संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता एवं आदर्श ग्राम निर्माण के लिए किए गए कार्य ग्रामीण भारत के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं, पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय का ग्रामीण विकास एवं जनहित से जुड़ा योगदान भी पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरणादायी है।

इस अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने कहा कि पंचायतों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए ऐसे प्रेरक व्यक्तित्वों के अनुभव और विचार अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों पद्मश्री सम्मानित विभूतियों के कार्य एवं विचार देशभर की ग्राम पंचायतों को सतत विकास, सुशासन, जल संरक्षण और जनकल्याण की दिशा में निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन
सशक्त पंचायत – समृद्ध गाँव – आत्मनिर्भर भारत
