प्रशासक संबंधित लेखपाल से कराएं सर्वे, प्रभावित परिवारों को राहत एवं जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री आवास के लिए करें प्रस्तावित : विवेक चन्द्र अवस्थी
लखनऊ। प्रदेश में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई ग्राम पंचायतों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के कच्चे मकान गिरने तथा जनहानि की घटनाओं ने स्थिति को अत्यंत पीड़ादायक बना दिया है। ऐसे कठिन समय में ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने ग्राम पंचायत प्रशासकों से संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने का आह्वान किया है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि बारिश और जलभराव के कारण जिन परिवारों के आशियाने उजड़ गए हैं, उनके लिए यह केवल आर्थिक क्षति नहीं, बल्कि जीवन की सबसे कठिन घड़ी है। ऐसे परिवारों को प्रशासनिक औपचारिकताओं में उलझाने के बजाय मानवीय दृष्टिकोण से तत्काल मदद उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत प्रशासक संबंधित लेखपाल से प्रत्येक प्रभावित गांव का स्थलीय सर्वे कराएं। सर्वे में जनहानि, घर गिरने, मकान क्षतिग्रस्त होने तथा अन्य वर्षाजनित नुकसान का वास्तविक विवरण दर्ज कराया जाए। पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार तत्काल राहत दिलाने के साथ-साथ जिन परिवारों के आवास पूरी तरह नष्ट हो गए हैं अथवा जो आवासहीन हो गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना सहित संबंधित आवासीय योजनाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तावित किया जाए।
श्री अवस्थी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में ग्राम पंचायत प्रशासन की पहली जिम्मेदारी ग्रामीणों के साथ खड़े होने की है। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रशासकों, लेखपालों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील की कि वे गांव-गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों की स्थिति स्वयं देखें और किसी भी पात्र परिवार को राहत से वंचित न होने दें।
उन्होंने कहा, “बारिश से घर गिरने के बाद खुले आसमान के नीचे खड़ा परिवार केवल सरकारी सहायता का नहीं, बल्कि संवेदनशील व्यवस्था के साथ का इंतजार करता है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि विपदा की इस घड़ी में किसी ग्रामीण को अकेला न महसूस होने पाए।”
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने सभी ग्राम पंचायत प्रशासकों से अपील की है कि वे त्वरित सर्वे, पारदर्शी रिपोर्टिंग और पात्र परिवारों को तत्काल राहत एवं आवासीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल करें।
