कानपुर नगर। महान राष्ट्रचिंतक, युगप्रवर्तक एवं युवा चेतना के अमर प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानन्द जी की पुण्यतिथि पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द जी के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण एवं युवा जागरण के लिए मार्गदर्शक हैं। उनका जीवन आत्मविश्वास, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्र समर्पण की अद्वितीय प्रेरणा प्रदान करता है।
श्री अवस्थी ने स्वामी विवेकानन्द के प्रेरक वचन “जिस दिन आपके सामने कोई समस्या न आए, समझ लीजिए कि आप गलत मार्ग परचल रहे हैं।” का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनौतियाँ ही व्यक्ति को आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करती हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानन्द के संदेश “एक विचार लो, उस विचार को अपना जीवन बना लो। उसी के बारेमें सोचो, उसी का स्वप्न देखो और उसी पर कार्य करो।” को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि समाज का प्रत्येक नागरिक स्वामी विवेकानन्द के आदर्शों का अनुसरण करते हुए एक सशक्त, समरस एवं विकसित भारत के निर्माण हेतु संकल्पबद्ध हो।
