लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा है कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ गाँव ही स्वस्थ परिवार, सुरक्षित भविष्य और समृद्ध समाज की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा कूड़ा-कचरे के उचित निस्तारण से अनेक संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को मिलकर स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना चाहिए।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को खुले में न फेंकें तथा जल निकासी व्यवस्था को बाधित न होने दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार यदि स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे तो गाँवों को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि “स्वच्छ गाँव, स्वस्थ परिवार और सुरक्षित भविष्य” केवल एक नारा नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का मूल मंत्र है। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता के लिए निरंतर अभियान चलाता रहेगा तथा ग्राम पंचायतों के माध्यम से लोगों को इस दिशा में प्रेरित करता रहेगा।
