गुरु पूर्णिमा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गुरुजनों को किया नमन, देशवासियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को दी शुभकामनाएं

लखनऊ। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने अपने पूज्य गुरुदेव, परम पूज्य बाबू जी एवं समस्त गुरुजनों के श्रीचरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर से भी श्रेष्ठ माना गया है। गुरु ही मनुष्य के जीवन से अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, विवेक, संस्कार और सदाचार का प्रकाश फैलाते हैं तथा उसे जीवन के सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करता है और उसे समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराता है। गुरु के आदर्शों का अनुसरण कर ही एक सशक्त, संस्कारित और समृद्ध समाज की स्थापना संभव है।
उन्होंने कहा कि आज के इस शुभ अवसर पर वह अपने पूज्य गुरुदेव एवं परम पूज्य बाबू जी सहित सभी गुरुजनों के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उनका आशीर्वाद सदैव समाज को सही दिशा देता रहे और हम सभी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए ग्रामीण भारत के विकास, ग्राम स्वराज और सशक्त पंचायत व्यवस्था के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समस्त देशवासियों, ग्रामवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं शुभचिंतकों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं सद्बुद्धि की कामना की।
“गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः।
गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नमः॥”
