कानपुर, 23 जुलाई।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की महान सेनानी, आज़ाद हिन्द फ़ौज की महिला इकाई ‘रानी लक्ष्मी रेजिमेंट’ की कैप्टन एवं पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. लक्ष्मी सहगल की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि डॉ. लक्ष्मी सहगल ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के नेतृत्व में आज़ाद हिन्द फ़ौज के माध्यम से मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रसमर्पण का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि कानपुर की गौरवशाली पहचान रही डॉ. सहगल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, मानवता और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को डॉ. लक्ष्मी सहगल के संघर्ष, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और देशप्रेम से इतिहास रचा जा सकता है।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि डॉ. लक्ष्मी सहगल का योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
