देश के टॉप 10 उत्कृष्ट ग्राम प्रधान होंगे सम्मानित
“पंचायत रत्न” — उत्कृष्ट नेतृत्व का राष्ट्रीय सम्मान।
नई दिल्ली/लखनऊ। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने देशभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रतिष्ठित “पंचायत रत्न” सम्मान की घोषणा की है। इस सम्मान के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष विभिन्न राज्यों से चयनित टॉप 10 ग्राम प्रधानों को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, पारदर्शी प्रशासन, नवाचार, जनभागीदारी तथा ग्रामीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

संगठन का मानना है कि ग्राम पंचायतें भारत के लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। ऐसे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित करना अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा तथा ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि “पंचायत रत्न” केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि उन जनप्रतिनिधियों के प्रति राष्ट्र का सम्मान है जिन्होंने अपने ग्राम को विकास, सुशासन, स्वच्छता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल नवाचार और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।
सम्मान हेतु नामांकन, चयन प्रक्रिया एवं समारोह की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों से पारदर्शी एवं उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर सहभागिता करने का आह्वान किया गया है।
