ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष की देशभर के ग्राम प्रधान,सरपंच,मुखिया,पंचायत प्रतिनिधिगण,पंचायत प्रशासकों एवं गौपालकों से अपील; नंदीशालाओं और गोशालाओं में जनभागीदारी से सेवा एवं संरक्षण कार्य सुनिश्चित करने का आह्वान

नई दिल्ली। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने देशभर के ग्राम प्रधान,सरपंच,मुखिया,पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत प्रशासकों, पंचायत सचिवों एवं गौपालकों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि गोपाष्टमी के अवसर पर देश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष गौसेवा एवं गौसंरक्षण अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि इस पर्व को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता के व्यापक अभियान के रूप में मनाया जाए।

अवस्थी ने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन, कृषि परंपरा और सामाजिक संवेदनाओं का महत्वपूर्ण अंग है। गौसेवा एवं गौसंरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ सामूहिक सामाजिक दायित्व भी है। गोपाष्टमी का पर्व हमें गौवंश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन तथा उनके संरक्षण, संवर्धन और कल्याण के लिए ठोस प्रयास करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने देश की समस्त ग्राम पंचायतों में संचालित नंदीशालाओं एवं गोशालाओं में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान एवं पंचायत प्रतिनिधि स्वयं इन कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए नेतृत्व प्रदान करें तथा पंचायत प्रशासक, सचिव, गौपालक, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय नागरिक मिलकर जनभागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने अपील की कि नंदीशालाओं एवं गोशालाओं में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, हरे चारे, भूसे एवं पौष्टिक आहार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बीमार, घायल एवं कमजोर गौवंश के उपचार के लिए पशु चिकित्सा विभाग का सहयोग लिया जाए। साथ ही, गौवंश के सुरक्षित रखरखाव, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
अवस्थी ने कहा कि पंचायतें केवल आधारभूत विकास एवं प्रशासनिक गतिविधियों तक सीमित संस्थाएं नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण समाज में सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदना और जीव कल्याण को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण इकाइयां भी हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत का प्रयास होना चाहिए कि उसकी गोशाला एवं नंदीशाला स्वच्छता, सुव्यवस्था और बेहतर पशु कल्याण व्यवस्था का आदर्श उदाहरण बने।
उन्होंने भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि गोपाष्टमी पर गौमाता के प्रति सम्मान केवल धार्मिक अनुष्ठानों, नारों और शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह सम्मान हमारे व्यवहार, सेवा और संरक्षण के कार्यों में भी परिलक्षित होना चाहिए। हमारा सामूहिक संकल्प होना चाहिए कि कोई भी गौवंश भूखा-प्यासा, बीमार अथवा उपेक्षित न रहे। इसके लिए पंचायत स्तर पर स्थानीय संसाधनों, प्रशासनिक सहयोग और जनसहभागिता के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने समस्त देशवासियों को गोपाष्टमी की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “गौसेवा हमारी संस्कृति है, गौसंरक्षण हमारा दायित्व है और जनसेवा हमारा संकल्प है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देशभर की ग्राम पंचायतें इस पुनीत अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर गौसेवा एवं जीव कल्याण की दिशा में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करेंगी।
