नौ थीमों पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन का जोर, संगठन के लोगो में भी समाहित है समग्र ग्रामीण विकास का दृष्टिकोण

नई दिल्ली । ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए ग्राम पंचायतों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से पंचायतीराज मंत्रालय की ओर से निर्धारित सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण (LSDG) की नौ थीमों को ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने अपने संगठनात्मक दृष्टिकोण और वैचारिक पहचान का प्रमुख आधार बनाया है। संगठन का लोगो भी इन्हीं नौ थीमों की अवधारणा पर केंद्रित है। संगठन ने इन लक्ष्यों को देश की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि ग्राम पंचायतें केवल स्थानीय प्रशासन की इकाई नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। गांवों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब पंचायतें निर्धारित विकास लक्ष्यों को अपनी ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) में शामिल कर समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू करें।
उन्होंने बताया कि पंचायतीराज की पहली थीम गरीबी मुक्त एवं आजीविका उन्नत ग्राम है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। दूसरी थीम स्वस्थ ग्राम के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण और स्वच्छ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। तीसरी थीम बाल हितैषी ग्राम बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण और अधिकारों को सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। चौथी थीम जल पर्याप्त ग्राम के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और प्रत्येक व्यक्ति तक पर्याप्त एवं स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में पांचवीं थीम स्वच्छ एवं हरित ग्राम स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती है। छठी थीम आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाला ग्राम सड़क, बिजली, आवास और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसी आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने पर केंद्रित है। सातवीं थीम सामाजिक रूप से न्यायसंगत एवं सुरक्षित ग्राम समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखती है। आठवीं थीम सुशासन वाला ग्राम पारदर्शिता, जवाबदेही, जनभागीदारी और तकनीक आधारित प्रशासन को प्रोत्साहित करती है। वहीं नौवीं थीम महिला हितैषी ग्राम महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देती है।
लोगो में समाहित है ग्रामीण विकास का संकल्प

विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि संगठन का लोगो केवल एक प्रतीक चिह्न नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के समग्र विकास का दृष्टिकोण और संगठन के संकल्प का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें पंचायतीराज मंत्रालय की नौ थीमों की मूल भावना को स्थान दिया गया है। संगठन का प्रयास है कि इन सभी लक्ष्यों को केवल सरकारी दस्तावेजों और बैठकों तक सीमित न रखकर ग्राम पंचायतों के धरातलीय विकास से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार होनी चाहिए। ग्रामसभा को विकास योजनाओं का केंद्र बनाकर ग्रामीणों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों, पंचायतीराज संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि नौ थीमों के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समन्वित अभियान चलाया जाए। पंचायतों में नियमित समीक्षा, विकास कार्यों की गुणवत्ता, बजट का पारदर्शी उपयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने देशभर के ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे इन नौ थीमों को ग्राम विकास का सामूहिक संकल्प बनाएं। संगठन का मानना है कि जब प्रत्येक ग्राम पंचायत गरीबी, अशिक्षा, कुपोषण, असमानता और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी चुनौतियों से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ेगी, तभी ग्रामीण भारत आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेगा।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि “सशक्त पंचायत ही विकसित भारत की पहली सीढ़ी है। गांवों का विकास केवल बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समान अवसर और बेहतर जीवन प्रदान करने से होगा। हमारा संकल्प है कि देश की प्रत्येक ग्राम पंचायत विकास, पारदर्शिता, सामाजिक न्याय और जनभागीदारी का आदर्श बने।”
