हर ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : विवेक चन्द्र अवस्थी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने जल जीवन मिशन 2.0 के सुगम क्रियान्वयन के लिए 9 अरब 66 करोड़ 23 लाख रुपये (₹966.23 करोड़) की धनराशि स्वीकृत की है।

इस स्वीकृति से प्रदेश में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता केवल बुनियादी सुविधा नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक जीवन का आधार है। जल जीवन मिशन से विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं और बेटियों को दूर-दराज से पानी लाने की कठिनाई से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि गांवों के समग्र विकास के लिए पेयजल व्यवस्था का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। जल जीवन मिशन 2.0 के लिए स्वीकृत धनराशि से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने जोर दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से हो तथा प्रत्येक गांव और प्रत्येक पात्र परिवार तक इसका वास्तविक लाभ पहुंचे।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि सशक्त गांवों के निर्माण के लिए स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य और मजबूत बुनियादी सुविधाएं हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
