उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर पंचायत प्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों एवं प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएँ; सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण का किया आह्वान।

कानपुर। देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने समस्त उत्तराखण्डवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और हिमालय की भव्यता के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी पौराणिक आस्था, आध्यात्मिक चेतना, वीरता, लोकसंस्कृति और राष्ट्रभक्ति के लिए भी विशिष्ट पहचान रखता है। यह पावन भूमि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की अमूल्य धरोहर है।
विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि उत्तराखण्ड ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सुरक्षा, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है। यहां की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक उत्सव और सरल जीवनशैली देशभर के लोगों को आकर्षित करती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और पंचायतीराज व्यवस्था किसी भी प्रदेश की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। गांवों को आत्मनिर्भर बनाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने बाबा केदारनाथ एवं बद्री-विशाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में शांति, समृद्धि, खुशहाली और सतत विकास का मार्ग सदैव प्रशस्त रहे। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से उत्तराखण्ड की गौरवशाली विरासत, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने तथा एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
‘जय देवभूमि…! जय उत्तराखण्ड…!’
