उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 स्नातक एवं 06 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक मतदान निर्धारित है। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थल एवं मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर अपने मतदेय स्थल एवं मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर प्रदर्शित नए पॉपअप नोटिफिकेशन “Search your polling station by name for Graduate and Teacher Constituency” पर क्लिक करना होगा। इसके बाद संबंधित स्नातक अथवा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र एवं जनपद का चयन कर अपना नाम अथवा संबंधी का नाम या दोनों का नाम की प्रविष्टि करें। या इसके अतिरिक्त मतदाता या संबंधी के नाम का प्रथम/द्वितीय अंकन की प्रविष्टि भी कर सकते हैं तथा उपरोक्त के पश्चात कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। इसके बाद संबंधित मतदाता को उसके मतदेय स्थल और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त हो जाएगी।
मतदान के समय मतदाताओं को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता किसी कारणवश मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है, तो वह आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत कर अपनी पहचान सिद्ध कर सकता है।
सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि सभी वेबसाइट के माध्यम से अपने मतदेय स्थल एवं मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर लें और निर्धारित पहचान दस्तावेज के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
