अपरिहार्य कारणों से 2 अक्टूबर को आजमगढ़ के बीनापारा में आयोजित समारोह में नहीं हो सके थे शामिल, राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने पंचायत पहुंचकर भेंट किया पुरस्कार एवं सम्मान-पत्र

कानपुर देहात। ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की प्रदेश सचिव मुशरत खान को आज उनकी पंचायत पहुंचकर ‘पंचायत रत्न–2026’ सम्मान प्रदान किया गया। गत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आजमगढ़ जनपद के बीनापारा में आयोजित सम्मान समारोह में मुशरत खान अपरिहार्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सके थे । इसी क्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने उनकी पंचायत पहुंचकर उन्हें पुरस्कार एवं सम्मान-पत्र भेंट किया।

इस अवसर पर मुशरत खान के पंचायत स्तर पर जनसेवा, पंचायतीराज व्यवस्था में सक्रिय योगदान तथा ग्रामीण विकास के प्रति समर्पण की सराहना की गई। संगठन की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत यह सम्मान प्रदान किया गया।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि ‘पंचायत रत्न’ सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि पंचायत प्रतिनिधियों के जनसेवा के संकल्प, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के प्रति संगठन का सम्मान है। पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उनके समर्पण और प्रयासों से ही गांवों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा पंचायतीराज संस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक बदलाव संभव है।

उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह में किसी अपरिहार्य कारण से शामिल नहीं हो पाने वाले चयनित प्रतिनिधियों तक पहुंचकर सम्मान प्रदान करना संगठन की प्रतिबद्धता और सम्मान परंपरा का हिस्सा है। संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण विकास के लिए समर्पित नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

‘पंचायत रत्न–2026’ सम्मान प्राप्त करने पर मुशरत खान ने ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पंचायतों के सशक्तीकरण, जनसेवा और ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि ‘पंचायत रत्न–2026’ सम्मान समारोह में अपरिहार्य कारणों से शामिल नहीं हो सके चयनित प्रतिनिधियों को सम्मानित करने के क्रम में इससे पूर्व 3 अक्टूबर को जौनपुर में श्रीमती ज्योति यादव, प्रयागराज में सुश्री राधा वर्मा तथा 7 अक्टूबर को शाहजहांपुर में श्रीमती रूबी गंगवार को उनकी पंचायत पहुंचकर सम्मान प्रदान किया जा चुका है।

ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की इस पहल का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान देना, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करना तथा गांवों में बेहतर नेतृत्व और विकास की भावना को मजबूत करना है।
