

रायबरेली, 30 जून। जनपद रायबरेली की जिला योजना समिति की वर्ष 2026-27 की आगामी बैठकों में सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी रायबरेली द्वारा दो ग्राम प्रधानों को नामित किए जाने संबंधी आदेश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी रायबरेली द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों एवं जिला योजना समिति अधिनियम में किए गए संशोधनों के अनुपालन में जनपद की ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रधानों को जिला योजना समिति की बैठकों में सहभागी बनाए जाने की व्यवस्था की गई है।
जारी आदेश के अनुसार विकास खंड अमावां की ग्राम पंचायत बावन बुर्जुगबल्ला के ग्राम प्रधान श्री रामसेवक तथा विकास खंड ऊंचाहार की ग्राम पंचायत ऊंचाहार देहात के ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के राष्ट्रीय सचिव श्री धनराज यादव को जिला योजना समिति रायबरेली की वर्ष 2026-27 की आगामी बैठकों में भागीदारी हेतु नामित किया गया है।
कार्यालय ज्ञाप में कहा गया है कि नामित ग्राम प्रधान एक वर्ष की अवधि तक चक्रानुक्रम के आधार पर जिला योजना समिति की बैठकों में प्रतिभाग करेंगे। निर्धारित अवधि पूर्ण होने पर उनका कार्यकाल स्वतः समाप्त हो जाएगा तथा आगामी वर्ष में अन्य विकास खंडों के ग्राम प्रधानों को नियमानुसार नामित किया जाएगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी इस आदेश से ग्राम पंचायतों की योजनाओं, स्थानीय विकास कार्यों एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को जिला स्तर की योजना प्रक्रिया में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा। प्रशासनिक एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
