
अमरोहा।ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन की प्रदेश अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत फौलादपुर की जनप्रतिनिधि श्रीमती मनु यादव को सामाजिक सरोकारों, महिला सशक्तिकरण तथा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘महिला उत्कृष्टता सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी श्री नितिन गोड़, पुलिस अधीक्षक श्री लाखन सिंह यादव, हिन्दुस्तान समाचार पत्र के परिक्षेत्र प्रमुख श्री अरविंद चौहान, माई होम्स मेकर के प्रबंध निदेशक श्री गौरव सिरोही, सी.एल. गुप्ता एक्सपोर्ट्स के निदेशक श्री प्रणीत गुप्ता सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत श्रीमती मनु यादव ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गर्व, प्रेरणा एवं उत्तरदायित्व का विषय है। उन्होंने इस सम्मान के लिए हिन्दुस्तान, एच.टी. डिजिटल स्ट्रीम्स लिमिटेड एवं माई होम्स मेकर परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान ग्राम पंचायत फौलादपुर की जनता, सहयोगियों तथा उन सभी लोगों को समर्पित है, जिनके विश्वास, स्नेह और सहयोग से जनसेवा का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।
श्रीमती मनु यादव ने कहा कि सम्मान व्यक्ति की जिम्मेदारियों को और अधिक बढ़ा देता है तथा वह भविष्य में भी जनहित, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहेंगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष मनु यादव को इस प्रतिष्ठित उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए इसे संगठन एवं ग्रामीण समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
