लखनऊ। प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं के हित में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 किए जाने के संबंध में 17 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे लोकभवन सभागार, लखनऊ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी उचित दर विक्रेताओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के संबोधन एवं कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता इस महत्वपूर्ण आयोजन से सीधे जुड़ सकेंगे।
लाभांश में वृद्धि को उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों, सम्मान और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे प्रदेशभर के कोटेदारों को राहत मिलने के साथ उनके कार्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी मजबूत होगी।
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन ने उचित दर विक्रेताओं के हित में लिए गए इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चन्द्र अवस्थी ने कहा कि कोटेदार ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके हित, सम्मान और कल्याण से जुड़े निर्णय ग्रामीण व्यवस्था को और मजबूत करने में सहायक होंगे।
संगठन ने प्रदेश के समस्त उचित दर विक्रेताओं से 17 अगस्त के कार्यक्रम से जुड़ने और मुख्यमंत्री के संबोधन को सजीव प्रसारण के माध्यम से देखने की अपील की है।
